हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर के सदर बाजार थाना पुलिस को फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कांग्रेस नेता अनवर कादरी (अनवर डकैत) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर जम्मू-कश्मीर से फर्जी बंदूक का लाइसेंस बनवाने और अवैध हथियार रखने के गंभीर आरोप हैं।

मारपीट और फर्जी लाइसेंस का मामला

मिली जानकारी के अनुसार, अनवर कादरी के खिलाफ फरवरी 2025 में मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। मामले की विस्तृत जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी जिस बंदूक का इस्तेमाल कर रहा था, उसका लाइसेंस फर्जी है। जांच में सामने आया कि यह लाइसेंस जम्मू-कश्मीर से फर्जी तरीके से बनवाया गया था, जिसके बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था।

27 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अनवर कादरी आपराधिक पृष्ठभूमि का रहा है और उसके खिलाफ पहले से ही 27 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फर्जी आर्म्स लाइसेंस नेटवर्क की जांच शुरू

सदर बाजार पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर फर्जी लाइसेंस बनाने वाले पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क का पर्दाफाश करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पुलिस को कई अन्य बड़े खुलासों की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m