प्रदीप मालवीय, उज्जैन। इंदौर में आयोजित होने जा रहे राहुल गांधी के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा उज्जैन पहुंचे और भगवान महाकाल के दर्शन कर देश-प्रदेश की शांति व समृद्धि की मनोकामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में प्रसिद्ध कथावाचक पुंडरीक महाराज से भी मुलाकात कर चर्चा की।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में खेड़ा ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम जब भी धर्म को समझना चाहते हैं तो शंकराचार्य जी की शरण में जाते हैं, न कि आरएसएस की। आरएसएस से तो हिंदू धर्म को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग धर्म के स्वयंभू ठेकेदार बनकर घूम रहे हैं, वे पूरे विश्व में हिंदू धर्म को बदनाम कर रहे है।
ये भी पढ़ें: युवा धर्म संसद में मनोज मुंतशिर: Gen Z के जोश पर हुए फिदा, युवाओं की ताकत पर दिया बड़ा बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के जश्न पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ देश के कई हिस्से बाढ़ और हादसों से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ जन्मदिन मनाने पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जा रहे हैं। यह राजे-रजवाड़ों के दौर में भी देखने को नहीं मिलता था। कांग्रेस के कार्यक्रमों में रुकावट डालने के आरोपों पर उन्होंने तंज कसा कि जहां-जहां रुकावटें खड़ी की जाती हैं, वहां महाकाल का आशीर्वाद और अधिक बढ़ता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



