संजय पाटीदार, भोपाल। आगर मालवा जिले में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस की गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई है। सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जरूरत पड़ी तो पार्टी छोड़ने का फैसला भी कर सकते हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया के आगर मालवा दौरे के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी कलह सार्वजनिक हो गई। सुसनेर विधायक भैरो सिंह परिहार ने आरोप लगाया कि उन्हें राहुल भैया के कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि जब उन्होंने फोन पर बात की तो मिलने से भी इनकार कर दिया गया।

ये भी पढ़ें: दिलचस्प सियासी तस्वीरः ट्रेन के एक ही डिब्बे में सफर करते दिखे बीजेपी- कांग्रेस के ‘कप्तान’, दतिया उपचुनाव की सियासी सरगर्मी के बीच मुलाकात की तस्वीरें वायरल

‘कुछ नेता सरकार बनने नहीं देना चाहते’…

विधायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कुछ नेता ही कांग्रेस की सरकार बनने नहीं देना चाहते और संगठन में जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा हो रही है। मंच से बोलते हुए विधायक परिहार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं होगा तो उन्हें बड़ा फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें: रीवा में कथित वायरल ऑडियो से सियासी बवाल, महापौर से जुड़ने का दावा; सच क्या है? जांच का इंतजार

भैरो सिंह परिहार के इस बयान के बाद जिले की कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई। इस दौरान आयोजित कांग्रेस की बैठक में जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े, वल्लभ अंबावतीया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब कांग्रेस विधायक के खुले बगावती तेवर सामने आने से जिले की सियासत और गरमा गई है।

भाजपा का तंज

भाजपा प्रवक्ता मंजरी जैन ने कहा कि देश और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की यही स्थिति है। कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है। परिवारवाद-भतीजावाद चलता है। परिवारवाद की दहलीज से पद शुरू होते है। कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार ने पार्टी की असली तस्वीर बताई है। कांग्रेस में एक-दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ लगी है। संगठन बिखरा हुआ है। कांग्रेस के पास नीति और नेतृत्व नहीं है।

कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने कही ये बात

कांग्रेस प्रदेश महासचिव अमित शर्मा ने कहा कि पार्टी में हर बात सुनी जाती है। सुसनेर विधायक की बात कांग्रेस में सुनी जाएगी। कार्यकर्ताओं की बात होगी तो पार्टी हमेशा बात करती है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं की कोई नहीं सुन रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m