शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए जारी शह-मात के खेल के बीच एक बेहद दिलचस्प और अनूठी सियासी तस्वीर सामने आई है। उपचुनाव में अपनी-अपनी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए दतिया दौरे पर निकले भाजपा और कांग्रेस के दोनों प्रदेश अध्यक्षों की ट्रेन में आमने-सामने मुलाकात हो गई। उपचुनाव की भारी गहमागहमी और कड़े मुकाबले के बीच दोनों प्रतिद्वंद्वी दलों के शीर्ष नेताओं की इस औचक मुलाकात ने प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है।
सफर एक, मंजिल एक: ट्रेन में आमने-सामने
दरअसल दतिया में चल रही चुनावी तैयारियों का मोर्चा संभालने के लिए दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और जीतू पटवारी एक ही ट्रेन से दतिया पहुंचे। सफर के दौरान जैसे ही दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ, माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में ढल गया। उपचुनाव की कड़वाहट और तीखे बयानों से दूर, ट्रेन की बोगी में दोनों प्रमुखों के बीच बेहद सहज माहौल में लंबी राजनीतिक चर्चा हुई। हालांकि इस अनौपचारिक बातचीत में किन मुद्दों पर मंथन हुआ, इसका आधिकारिक ब्यौरा सामने नहीं आया है, लेकिन इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
दतिया उपचुनाव: भाजपा समर्थकों में बगावती सुर, सोशल मीडिया पर कांग्रेस प्रत्याशी की तारीफ और BJP प्रत्याशी को बताया ‘अहंकारी’
दतिया में दोनों दलों ने झोंकी पूरी ताकत
यह दिलचस्प मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब दतिया उपचुनाव को लेकर दोनों ही पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए यह उपचुनाव साख का सवाल बन चुका है। चुनावी कमान को खुद धार देने के लिए दोनों ही दलों के प्रदेश अध्यक्ष जमीन पर उतर चुके हैं और कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने के लिए ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। दोनों ही खेमे रूठों को मनाने और जातीय समीकरणों को साधने के लिए चौबीसों घंटे रणनीति बनाने में जुटे हैं।
शिष्टाचार के दरवाजे हमेशा खुले रहते
चुनावी समर के बीच ट्रेन के सफर से निकली यह सौहार्दपूर्ण तस्वीर यह बताने के लिए काफी है कि राजनीति में भले ही विचारधाराओं की जंग हो, लेकिन व्यक्तिगत संवाद और शिष्टाचार के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं। अब देखना होगा कि ट्रेन के इस सफर के बाद दतिया की चुनावी पटरी पर कौन सी पार्टी बाजी मारती है।
Datia By-Election: नरोत्तम मिश्रा संभालेंगे आशुतोष तिवारी के चुनाव संचालन की कमान, बीजेपी ने घोषित की 32 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

