दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले के विरोध में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने लखनऊ में प्रदर्शन किया. एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने परिवर्तन चौक पर रोककर बसों से इको गार्डन भेज दिया.

सतीश सिंह, लखनऊ. पेपर लीक मामले में पिछले दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान जेन-जी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया. पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के कार्यकर्ता परिवर्तन चौक पर जुटे और राजभवन का घेराव करने के लिए आगे बढ़े, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया.

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर धरनास्थल इको गार्डन की तरफ रवाना कर दिया.

परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन

परिवर्तन चौक पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई.

प्रदर्शनकारियों ने अमित शाह के इस्तीफे की मांग की. उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस बर्बरता की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

राजेंद्र पाल गौतम का बयान

प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुए बर्ताव को लेकर कांग्रेस गंभीर रूप से चिंतित है. गृहमंत्री अमित शाह की ओर से अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं आया है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है.

पुलिस से हुई झड़प

प्रदर्शनकारी जैसे ही राजभवन की ओर आगे बढ़े, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई.

इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर इको गार्डन की तरफ रवाना कर दिया.