Congress Seva Dal Jaipur Protest: राजस्थान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। कांग्रेस सेवादल ने जयपुर के शहीद स्मारक पर सत्याग्रह शुरू किया। कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी तरीके से विरोध दर्ज कराया। शाम को सेवादल कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्वाचन आयोग की ओर कूच करने का कार्यक्रम रखा है। इसे देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

भजनों के बीच चला सत्याग्रह, कार्यकर्ताओं ने चलाया चरखा
सत्याग्रह के दौरान माहौल को गांधीवादी रंग दिया गया। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन’ जैसे महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यकर्ताओं ने चरखा चलाकर भी विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस सेवादल का कहना है कि आंदोलन को गांधीवादी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
शाम को आयोग की ओर कूच, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
सत्याग्रह के बाद शाम को कार्यकर्ताओं के राज्य निर्वाचन आयोग की ओर कूच करने की तैयारी है। इसे देखते हुए पुलिस ने भी पहले से इंतजाम कर लिए हैं। पुलिस कमिश्नरेट के बाहर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। पुलिस बल के साथ आरएसी और एसटीएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है। कांग्रेस की ओर से जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने की भी बात कही गई है।
सेवादल प्रदेशाध्यक्ष बोले- इस्तीफा ही हमारा मुख्य मुद्दा
कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ही उनके आंदोलन का सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। शेखावत ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े कामकाज की जांच होनी चाहिए, ताकि जनता और विपक्ष में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर भरोसा बना रहे। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर राष्ट्रपति से भी हस्तक्षेप करने की अपील की जाएगी।
दो जगह नाम होने की शिकायत का भी उठाया मुद्दा
हेम सिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि राजस्थान में भाजपा से जुड़े लोगों के दो-दो जगह नाम होने की शिकायत चुनाव आयोग से की गई थी, लेकिन उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने चुनाव आयोग में मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति से जुड़े पुराने प्रावधान में बदलाव का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि आयोग में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस व्यवस्था पर फिर से विचार होना चाहिए।
गांधीवादी तरीके से आगे बढ़ने का दावा
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस सेवादल का मौजूदा आंदोलन गांधीवादी तरीके से चल रहा है और आगे भी इसी तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता शाम को भी इसी तरीके से राज्य निर्वाचन आयोग की ओर कूच करेंगे। देश के अलग-अलग हिस्सों में भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हाल के दिनों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं। दिल्ली में भी शुक्रवार को इस मुद्दे पर प्रदर्शन हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया।
पढ़ें ये खबरें
- आइसक्रीम खाने से स्कूल गेट पर जहरीली आइसक्रीम खाने से छह छात्र बीमार, मुंह में जलन और खून आने से मचा हड़कंप
- Indore News : इंदौर विकास प्राधिकरण पर कांग्रेस का आरोप, सफाई कर्मियों ने कराया मुंडन, UPI शुल्क पर व्यापारियों की चेतावनी, छात्रों के प्रदर्शन में पहुंचे पूर्व मंत्री, ट्रेन निरस्त
- IND vs WI 2nd T20: रांची में भारत की हार, वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य चेज कर रचा इतिहास, शाई होप ने जड़ा नाबाद शतक
- UP School Holiday: कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल, BSA का नया आदेश जारी; जानिए अपने जिले का हाल
- SIR विवाद: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले INDIA गठबंधन के नेता, राहुल गांधी बोले- सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को सौंपेंगे ज्ञापन

