मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई में भाजपा के दो जिला अध्यक्षों के बीच आयोजन की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद का कथित कॉल रिकॉर्डिंग ऑडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। अब कांग्रेस के आईटी सेल ने इस ऑडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। वायरल कथित ऑडियो भिलाई के जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष खगेश कोसरिया के बीच हुई बातचीत का बताया जा रहा। इस घटना के बाद जिला भाजपा कार्यालय में मीटिंग बुलाकर सभी सदस्यों से चर्चा की गई है।

वायरल ऑडियो में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष खगेश कोसरिया के बीच पार्टी के एक कार्यक्रम में नाश्ता, पानी और स्वागत व्यवस्था के खर्च को लेकर लंबी बहस सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान मामला इतना बढ़ जाता है कि पुरुषोत्तम देवांगन, खगेश कोसरिया से कहते सुनाई देते हैं कि अगर संगठन नहीं चला सकते तो साफ बता दें और जरूरत पड़े तो इस्तीफा भी दे दें।

जनता महंगाई से लड़ रही है और BJP नाश्ते की लड़ाई लड़ रही : कांग्रेस

वायरल 10 मिनट के इस ऑडियो में खगेश कोशरिया सिर्फ नाश्ते की विशेष व्यवस्था नहीं कर पाने की असमर्थता जता रहे हैं, जबकि पुरुषोत्तम देवांगन उन्हें व्यवस्था नहीं करने पर लिखित में देने की बात कह रहे हैं। इस ऑडियो को कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। कांग्रेस ने भाजपा की कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने लिखा है, जनता महंगाई से लड़ रही है और भाजपा नाश्ते की लड़ाई लड़ रही है।सत्ता की मलाई कम पड़ गई क्या, जो अब समोसे पर संग्राम सुनना बाकी था। जनता के मुद्दों पर सन्नाटा और नाश्ते पर महाभारत, यही भाजपा का असली सुशासन है।

कांग्रेस के पास मुद्दा नहीं इसलिए इस तरह की हरकत कर रहे : भाजपा

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह इस तरह की हरकते कर रही हैं। बताया जा रहा है कि बातचीत एक संगठनात्मक बैठक की तैयारी को लेकर हुई थी। कार्यक्रम में रायपुर से विधायक पुरंदर मिश्रा और साजा विधायक ईश्वर साहू के आने की चर्चा हुई। इसी कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर दोनों नेताओं के बीच अलग-अलग राय सामने आई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m