फरीदाबाद/पलवल। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की सफलता के लिए कांग्रेस ने हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल जिलों में तैयारियां तेज कर दी हैं। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुवार को दोनों जिलों में संगठनात्मक बैठकें लेकर स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि इस महारैली में अकेले हरियाणा से एक लाख से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।
फरीदाबाद और पलवल में हुई संगठनात्मक बैठकें
रैली की तैयारियों को लेकर फरीदाबाद के सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की। वहीं, पलवल में जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ। बैठकों में पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल और विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ उठाए मुद्दे
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव में वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और समाज में जाति-धर्म के नाम पर हो रहे विभाजन के मुद्दों पर भी केंद्र व राज्य सरकार को घेरा। नेताओं ने कहा कि रामलीला मैदान में होने वाली महारैली इन तमाम मुद्दों पर सरकार के खिलाफ एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

