रमेश सिन्हा, महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाइवे 53 पर आज दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां बाइक सवार हवलदार ट्रक की चपेट में आ गया। इस घटना में हवलदार दयासागर भोई की मौत हो गई और ट्रक चालक वाहन के साथ फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। यह घटना सांकरा थाना क्षेत्र में हुई है।

कब और कैसे हुई घटना ?

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान दयासागर भोई के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ पुलिस में हवलदार पद पर पदस्थ थे और वर्तमान में थाना बागबाहरा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। रविवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच वो किसी काम से बल्दिडिह से सांकरा की ओर जा रहे थे, इसी दौरान बल्दीडीह स्थित जोंक नदी के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सांकरा थाने के थानेदार उत्तम तिवारी ने बताया की हादसे की सूचना मिलते ही सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के पिथौरा भेजा है, जहां पंचनामा तैयार कर पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

ईधर घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों और परिचितों ने दयासागर भोई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m