योगेश पाराशर, मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना एसपी बंगले पर तैनात एक आरक्षक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर शोषण और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में आरक्षक खुद को बीमार बताते हुए, रोते हुए इलाज के लिए छुट्टी की मांग कर रहा है। रोते हुए आरक्षक कह रहा है, कि वीडियो डालने के बाद मुझे नौकरी से भी निकाला जा सकता है।
मेरी दोनों किडनी में पथरी है
आरक्षक रूपसिंह रावत ने गुुरुवार की देर रात अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो शेयर किया है, जो बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह कह रहा है ‘‘मुरैना एसपी समीर सौरभ के बंगले में, किचिन में काम करता हूं। मेरी तबीयत ज्यादा खराब है। मैंने जांच करवाई तो दोनों किडनी में पथरी बताई है, एक किडनी में तीन एमएम की पथरी है। मैंने यह जांच एसपी साहब और वंदना (एसपी की पत्नी) काे दिखाई एसपी साहब ने कह दिया कि तुम्हें कुछ नहीं हुआ।
छुट्टी मांगी तो आवेदन कचरे में फेंक दिया
मैंने जांच व इलाज करवाने के लिए 15 दिन की छुट्टी मांगी तो एसपी ने मेरा आवेदन कचरे में फेंक दिया। अब मैं क्या करूं, किसके यहां जाऊं, किससे छुट्टी मांगू। यही अधिकार है मेरा, वरिष्ठ अधिकारियों से छुट्टी मांगे तो छु्ट्टी भी नहीं मिले। अब वरिष्ठ अधिकारी मेरा वीडियो देखकर मुझे सस्पेंड से लेकर बर्खास्त तक कर सकते हैं। करो मुझे बर्खास्त-सस्पेंड। वहां मैं गिड़गिड़ा रहा हूं, बंगले में उनके झूठे बर्तन साफ कर रहा हूं। सब-कुछ कर रहा हूं। मैं बीमारी में छुट्टी मांग रहा हूं, बीमारी का इलाज करवाने के लिए भी छुट्टी नहीं है मेरे लिए।‘‘

