राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। बालाघाट जिले के लालबर्रा थाना क्षेत्र में रेत माफिया की दबंगई और कानून का खौफ खत्म होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की देर शाम कामथी क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे पुलिस आरक्षक राजेश्वर रहांगडाले पर एक ट्रैक्टर चालक ने वाहन चढ़ा दिया। इस हमले में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें : IPS की बेटी ने की आत्महत्या: घर पर फांसी लगाकर दी जान, मोबाइल फोन खंगाल रही पुलिस
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार लालबर्रा थाने में पदस्थ आरक्षक सुनील और राजेश्वर रहांगडाले को कामथी में अवैध रेत के परिवहन की मुखबिर से सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे आरक्षकों ने जब कार्रवाई शुरू की और घटना स्थल का वीडियो बनाना चाहा, तभी ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए आरक्षक राजेश्वर पर सीधे ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
हालत नाजुक, गोंदिया रेफर
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घायल आरक्षक को अन्य सहकर्मियों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उनका प्राथमिक इलाज किया। डॉक्टर ने आरक्षक की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें गोंदिया के अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है, लेकिन उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
घटना की भनक लगते ही मंगलवार देर रात आईजी ललित शाक्यवार और एसपी आदित्य मिश्रा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है।
ये भी पढ़ें : उज्जैन में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव: 5 कोच के कांच टूटे, CCTV वीडियो आया सामने
IG ललित शाक्यवार के आदेश पर त्वरित कार्रवाई
आईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि वारदात के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों और डिपार्टमेंट में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।

