प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन में सोमवार शाम वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई। ट्रेन जब गदा पुलिया के पास रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए। पथराव से ट्रेन के पांच कोच की खिड़कियों के कांच टूट गए। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन उज्जैन रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर थी, तभी यह घटना हुई। अचानक तेज आवाज के साथ कांच टूटने लगे तो यात्री घबरा गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और अधिकारियों की टीम सक्रिय हो गई।
ये भी पढ़ें: बहनों को ई-साइकिल की सौगात: उज्जैन में सीएम डॉ. मोहन बोले- पेट्रोल-डीजल के दौर में मददगार साबित होगी, PM Modi के 12 साल पूरे होने पर कही ये बात
ट्रेन स्टेशन पहुंचने के बाद पुलिस ने प्रभावित कोचों का निरीक्षण किया और यात्रियों से जानकारी ली। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पथराव करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

