राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून के साथ एक बार फिर बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने पर मजनू का टीला, बेला रोड और आसपास के कई आवासीय इलाकों में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। वर्ष 2023 की भीषण बाढ़ के दौरान यमुना का पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया था, जिससे हजारों लोगों का जनजीवन कई दिनों तक प्रभावित रहा। पिछले वर्ष भी कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आई थी।

बाढ़ रोकने के लिए बननी है 4.72 किलोमीटर लंबी दीवार

यमुना के बढ़ते जलस्तर से रिंग रोड और आसपास के इलाकों को सुरक्षित रखने के लिए मजनू का टीला से लेकर कश्मीरी गेट के निकट स्थित लोहा पुल तक बाढ़रोधी दीवार बनाने की योजना तैयार की गई है। प्रस्तावित दीवार की कुल लंबाई लगभग 4.72 किलोमीटर होगी।

परियोजना के तहत करीब 850 मीटर के अत्यधिक संवेदनशील हिस्से में मजबूत कंक्रीट की दीवार बनाई जाएगी, जबकि शेष क्षेत्र में ईंट या पत्थर से संरचना खड़ी की जाएगी। दीवार की ऊंचाई लगभग छह फीट निर्धारित की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

टेंडर जारी, लेकिन अभी तक नहीं मिला ठेका

मार्च में परियोजना के लिए निविदा जारी कर दी गई थी, लेकिन अब तक किसी एजेंसी को निर्माण कार्य का ठेका नहीं सौंपा गया है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती योजना के तहत निर्माण कार्य इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल पर किया जाना था, जिसमें ठेकेदार को डिजाइन तैयार करने की भी जिम्मेदारी दी जाती है। हालांकि, ठेकेदारों द्वारा प्रस्तुत डिजाइन में तकनीकी खामियां पाए जाने के बाद प्रक्रिया को रोकना पड़ा।

IIT दिल्ली बनाएगा नया ब्लूप्रिंट

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि परियोजना का नया और वैज्ञानिक डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी IIT दिल्ली को सौंपी गई है। अगले 10 से 15 दिनों में अंतिम डिजाइन तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद मानसून समाप्त होने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इस साल भी बना रहेगा जोखिम

चूंकि निर्माण कार्य मानसून के बाद ही शुरू होने की संभावना है, इसलिए इस वर्ष भी यमुना का जलस्तर बढ़ने पर आसपास के इलाकों में जलभराव का खतरा बना रहेगा। हालांकि सरकार का दावा है कि बाढ़ के प्रभाव को कम करने और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m