समीर शेख, बड़वानी। शहर के कालका माता मंदिर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब सीवरेज और पेयजल लाइनों में लीकेज के कारण घरों में दूषित पानी की सप्लाई होने लगी। नलों से गंदा और बदबूदार पानी आता देख वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध स्वरूप कांग्रेस पार्षदों ने सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

लापरवाही का गंभीर आरोप

धरना स्थल पर पहुंचे नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। जाधव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में सीवरेज का कार्य किया जा रहा था, जिस दौरान लापरवाही के चलते मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।

ये भी पढ़े: DAV स्कूल में आग का तांडव: कंप्यूटर लैब जलकर राख, सुरक्षा के इंतजाम में दिखी चूक

उन्होंने आगे कहा कि नियमों के अनुसार पेयजल लाइन और सीवरेज पाइप एक साथ नहीं डाले जा सकते, लेकिन यहां नियम विरुद्ध काम किया गया है। अधिकारियों को शिकायत के बाद भी केवल आश्वासन मिल रहा है और कंपनी के जिम्मेदार फोन तक नहीं उठा रहे।

बीमारियों का खतरा, प्रशासन की नींद टूटी

वार्ड नंबर 14 के पार्षद प्रतिनिधि हेमंत कुमावत के अनुसार, गंदे पानी की समस्या के बारे में बीते दिन ही सूचित कर दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दूषित पानी के कारण क्षेत्र में महामारी और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

अधिकारियों के आश्वासन से शांत हुए रहवासी

प्रदर्शन की खबर मिलते ही नगर पालिका के इंजीनियर और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों और वार्डवासियों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ठेकेदार को लीकेज ठीक करने के निर्दश दिए।

ये भी पढ़े: बदकिस्मत चोर: कुंडी खोलने के लिए जाली में डाला हाथ, फिर जो हुआ…देखें वीडियो

स्थायी समाधान नही मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान जल्द नहीं हुआ और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो दोबारा धरना दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की टीम सुधार कार्य में लग गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m