केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत के खिलाफ सोशल मीडिया पर प्रकाशित विवादित पोस्ट को लेकर बिना शर्त माफी मांगी है। KPCC अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कानूनी नोटिस के जवाब में यह माफी दी। कांग्रेस की केरल इकाई के आधिकारिक X अकाउंट से किए गए इस पोस्ट पर भाजपा और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
क्या था केरल कांग्रेस का विवादित पोस्ट?
दरअसल, 19 अक्टूबर को केरल कांग्रेस के आधिकारिक X अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया गया था। इसमें लिखा गया था, “अगर कानून-व्यवस्था संभालना आपके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, तो अभी इस्तीफा दे दीजिए। हम किसी ऐसे व्यक्ति को आपकी जगह लाएंगे, जो इसे संभाल सके।”
पोस्ट सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। हालांकि, कांग्रेस ने कुछ ही घंटों के भीतर इसे डिलीट कर दिया। बाद में पार्टी सांसद पवन खेड़ा ने इस टिप्पणी से असहमति जताते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे रुख का समर्थन नहीं करती। उन्होंने न्यायपालिका में पार्टी के भरोसे और सुप्रीम कोर्ट के प्रति सम्मान को भी दोहराया।

BJP ने कांग्रेस पर लगाए संवैधानिक संस्थाओं के अपमान के आरोप
विवादित पोस्ट को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस न्यायपालिका समेत संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही है।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने भी पोस्ट की निंदा की थी। एसोसिएशन के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणियां न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप की आशंका पैदा करती हैं। उसने सुप्रीम कोर्ट की प्रतिष्ठा और मर्यादा बनाए रखने की अपील की थी।
CJI ने विपक्षी नेताओं से मिलने से किया था इनकार
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब CJI सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात की मांग ठुकरा दी थी। विपक्षी नेता मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपना चाहते थे।
बताया गया कि CJI ने मामले के सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने का हवाला देते हुए नेताओं को याचिका के जरिए अदालत का रुख करने की सलाह दी थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

