अनिल सक्सेना, रायसेन। जिले के स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों प्रशासनिक खींचतान अपनी चरम सीमा पर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के एक पद के लिए दो दावेदारों के बीच जारी इस कानूनी और वर्चस्व की लड़ाई ने पूरे अमले को असमंजस में डाल दिया है। मंगलवार को स्थिति तब और अजीब हो गई जब नए और पुराने CMHO के बीच पदभार को लेकर टकराव की स्थिति निर्मित हुई।
ताला लगा चेंबर और हाई-प्रोफाइल ड्रामा
जानकारी के अनुसार, कमिश्नर के निर्देश पर डॉ. एच.एन. मांडरे मंगलवार को CMHO का पदभार ग्रहण करने कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन वहां उन्हें निराशा हाथ लगी क्योंकि CMHO के चेंबर में ताला लटका हुआ था। उस समय वर्तमान में कार्यरत डॉ. दिनेश खत्री कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने गए थे। एक ही पद के लिए दो अधिकारियों की मौजूदगी ने विभाग के कर्मचारियों और कामकाज को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।
जून 2025 से शुरू हुई ‘तकरार’ की कहानी
इस पूरे विवाद की शुरुआत पिछले साल हुए तबादलों के वजह से हुई है। जून 2025 में डॉ. दिनेश खत्री का राजगढ़ तबादला हुआ और उनकी जगह डॉ. एच.एन. मांडरे को रायसेन CMHO बनाया गया। फिर जनवरी 2026 में शासन ने डॉ. खत्री को फिर रायसेन CMHO नियुक्त किया, जिसे डॉ. मांडरे ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट से स्टे मिलने के बाद डॉ. मांडरे फिर से पद पर आए, लेकिन मार्च 2026 में हाईकोर्ट ने डॉ. दिनेश खत्री के पक्ष में फैसला सुनाया। तब से डॉ. खत्री ही पद का निर्वहन कर रहे हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठते सवाल
इस खींचतान की वजह से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग प्रभावित हो रही है। विभागीय कर्मचारी इस दुविधा में हैं कि वे किसके आदेशों का पालन करें। कमिश्नर के ताज़ा निर्देशों और हाईकोर्ट के पुराने आदेश के बीच फंसी यह कुर्सी की जंग अब रायसेन में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्या कहना है पक्षकारों का?
फिलहाल डॉ. दिनेश खत्री कलेक्ट्रेट की बैठकों में व्यस्त हैं, वहीं डॉ. मांडरे कमिश्नर के निर्देशों का हवाला देकर अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। अब देखना यह होगा कि शासन इस प्रशासनिक गतिरोध को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

