सिंगरौली, सुरेश पाण्डेय। सिंगरौली से भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने वाली। देवसर जनपद की बूढ़ाडाण पंचायत में डीएमएफ मद से करीब 25 लाख रुपये की लागत से बनी पुलिया बारिश में क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया के टूटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। 

यह कोई पुरानी नहीं, बल्कि हाल ही में बनाई गई पुलिया बताई जा रही है। बूढ़ाडाण पंचायत की आदिवासी बस्ती के लिए सेमरा नदी पर डीएमएफ मद से करीब 25 लाख रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया गया था। लेकिन बारिश आते ही पुलिया की हालत ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की गई। यही वजह है कि पुलिया बारिश का पानी भी नहीं झेल पाई। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य को लेकर पहले ही अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते जांच नहीं हुई।

अब जब पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है, तो सवाल सीधे सिस्टम से है, अगर शिकायत पहले ही मिल गई थी, तो जांच क्यों नहीं हुई? निर्माण की गुणवत्ता की निगरानी किसने की? 25 लाख रुपये के काम का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया।

सिंगरौली में इससे पहले भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में अब बूढ़ाडाण पंचायत की इस पुलिया के मामले में भी जांच और जिम्मेदारी तय होने की मांग तेज हो गई है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके की जांच कराएगा और अगर निर्माण में गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि डीएमएफ के 25 लाख रुपये की लागत से बनी पुलिया पहली बारिश में ही जवाब दे गई, तो क्या जिम्मेदारों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज, या फिर जिम्मेदारों को अभयदान मिलेगा ? अब निगाहें जिला प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m