सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञापन और प्रचार-प्रसार पर हुए खर्च को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता के टैक्स के हजारों करोड़ रुपये अपनी छवि चमकाने पर खर्च किए, जबकि प्रदेश के लोग आज भी बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं.

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने “7000 करोड़ का कॉस्मेटिक फेशियल” कराकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है. उनका आरोप है कि सरकार ने लगभग 7000 करोड़ रुपये प्रचार और अपनी छवि बेहतर दिखाने में खर्च कर दिए. अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में आज भी गरीबी, बेरोजगारी, आर्थिक मंदी, किसानों की एमएसपी, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं. ऐसे समय में जनता के टैक्स के पैसे का इस तरह इस्तेमाल करना न केवल अनुचित बल्कि निंदनीय है.

इसे भी पढ़ें : ODOP से वैश्विक बाजार तक पहुंचा UP का हुनर, योगी बोले- बुनकरों की मेहनत को मिला सम्मान और नई पहचान

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि यदि यही राशि शिक्षा पर खर्च की जाती तो केजी से पीजी और रिसर्च तक की 2 से 3 विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किए जा सकते थे, जिससे लाखों बच्चों और युवाओं का भविष्य बेहतर होता. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा, रोजगार और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश को तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर ले जाकर “नियो इंडिया (NEO INDIA)” का निर्माण करेगी.