कुमार इंदर, जबलपुर। शहर में नामी ब्रांड ‘PUMA’ का लोगो और नाम इस्तेमाल कर नकली कपड़ों का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह पर कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान मालिक और सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से कुल 496 नग नकली कपड़े (टी-शर्ट, लोवर और हुडी) बरामद किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया सप्लायर

पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के बाजारों में PUMA कंपनी के नाम से मिलते-जुलते नकली ब्रांडेड कपड़े धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक्टिवा सवार एक संदिग्ध युवक को प्लास्टिक की बोरी के साथ दबोच लिया। आरोपी की पहचान हनुमानताल के मिलौनीगंज निवासी तनिष्क जैन के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी बोरी से 36 नकली टी-शर्ट और 24 नकली लोवर बरामद हुए।

गढ़ाफाटक स्थित दुकान में दबिश, मालिक भी दबोचा गया

सप्लायर तनिष्क जैन से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि वह गढ़ाफाटक स्थित ‘बड़े बाबा गारमेंट्स’ से माल लाकर सप्लाई करता था। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने तुरंत दुकान पर दबिश दी और दुकान मालिक खेमचंद जैन को हिरासत में लिया। दुकान की विस्तृत तलाशी के दौरान 300 नकली टी-शर्ट और 136 नकली हुडी जब्त की गईं। दुकान मालिक ने पूछताछ में बरामद माल को अपना होना स्वीकार किया है।

कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकान्त शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस फर्जीवाड़े के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m