कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। गौवंश की बदहाल स्थिति को लेकर अब आंदोलन तेज हो गया है। गौप्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता नगर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। खास बात यह रही कि प्रदर्शनकारियों ने ढोल मंजीरे के साथ भजन गाकर नगर निगम की सद्बुद्धि की कामना भी की।

निगम को सद्बुद्धि देने की कामना की

दरअसल शहर में सड़कों पर घूम रहे गौवंश, लंपी वायरस के बढ़ते प्रकोप और गौशालाओं, आइसोलेशन वार्ड की बदहाल व्यवस्था को लेकर गौप्रेमियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नगर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ढोल मंजीरे बजाकर भजन गाए गए और भजनों के माध्यम से नगर निगम को सद्बुद्धि देने की कामना की गई।

गौवंश के कारण यातायात बाधित और सड़क हादसों का खतरा

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में गौवंश खुलेआम घूम रहा है। गौवंश के कारण यातायात बाधित और सड़क हादसों का खतरा भी बना हुआ है। लंपी वायरस के चलते बड़ी संख्या में बीमार और मौत की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। गौप्रेमियों ने निगम से सभी 66 वार्डों में विशेष अभियान चलाने की मांग की है। गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में पहुंचाने, पर्याप्त चारा पानी और इलाजे व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही संक्रमित गौवंश के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में सफाई, दवाइयों और समुचित इलाज की व्यवस्था की मांग भी की गई।

कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम को पहले भी ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आंदोलनकारियों ने 15 दिन के भीतर गौवंश की स्थिति में ठोस सुधार नहीं होने पर व्यापक और शांतिपूर्ण बड़े जनआंदोलन की चेतावनी दी है। फिलहाल गौवंश की समस्या को लेकर जारी धरना ज्ञापन सौंपने के साथ समाप्त हुआ। निगम की ओर से आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को ध्यान में रखते हुए गौवंश से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक मज़बूत किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m