सोनू वर्मा , नूंह। नूंह जिले में गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए नूंह टीम और तस्करों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना होडल रोड चौकी जयसिंहपुर क्षेत्र की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग एंबुलेंस का इस्तेमाल कर गायों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे नाकाबंदी कर संदिग्ध एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार में भगाकर ले गया।
सीआईए टीम ने एंबुलेंस का पीछा किया। बताया जा रहा है कि पेप्सी कंपनी के पास पहुंचते ही वाहन का अगला टायर पंचर हो गया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल आरोपी की पहचान हमास पुत्र खुर्शीद निवासी उटावड़, जिला पलवल के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी के दौरान चार गायों को मुक्त कराया। साथ ही मौके से एक अवैध कट्टा, कई जिंदा कारतूस और तीन खाली खोल भी बरामद किए गए हैं। मुक्त कराई गई गायों को नजदीकी गौशाला भेज दिया गया है।
फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में गौ तस्करी, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

