पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को प्रदेश की गौशालाओं का गहन निरीक्षण कर चारा, पानी, साफ-सफाई और उपचार समेत व्यवस्थाओं की रिपोर्ट 10 सितंबर तक भेजने के निर्देश दिए. उन्होंने गोवंश संरक्षण, नस्ल सुधार और संचारी रोगों की रोकथाम के कार्यों में तेजी लाने के साथ लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी.
सतीश सिंह, लखनऊ. पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण के साथ-साथ नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण तथा संचारी रोगों की रोकथाम के कार्यों में तेजी लाई जाए। इन सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुपालकों को स्वस्थ पशुधन मिल सके। साथ ही उन्होंने 10 सितंबर तक गौशालाओं में सभी संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति रिपोर्ट भेजने को कहा है.
सोमवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की समीक्षा बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा, पानी, साफ-सफाई, छाया, उपचार, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए.
मंडल स्तर पर निरीक्षण
धर्मपाल सिंह ने गौशालाओं के प्रबंधन और चारे-भूसे संबंधी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक मंडल में अपर निदेशक स्तर के अधिकारी गहन निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निरीक्षण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे.
अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, गोवंश के बैठने का स्थान, चरही आदि की व्यवस्थाएं देखें, उनकी फोटो भी लें और विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। जहां कमी मिले, उसे तत्काल दूर कराया जाए.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस दौरान धर्मपाल सिंह ने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुग्ध समितियों को और सक्रिय किया जाए तथा दुग्ध उत्पादकों को समय पर तकनीकी सहयोग और सुविधाएं मिलें.
बैठक में राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान ने कहा कि गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण करें और छोटी-छोटी कमियों का भी तत्काल समाधान सुनिश्चित करें.


