देवघर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति देवघर एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर मेडिकल क्षेत्र में सफल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगे। इसके बाद दर्दमारा स्थित बाबा वैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में आयोजित सैन्य मेले के समापन समारोह में पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर दोनों स्थानों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
11 मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग और एमडी-एमएस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक उत्कृष्टता, मेहनत और चिकित्सा शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए 11 मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री प्रतापराव जाधव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और विधायक सुरेश पासवान भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
पांच पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री
दीक्षांत समारोह में एम्स देवघर के पांच शैक्षणिक कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इनमें एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) और मास्टर ऑफ सर्जरी (एमएस) के विद्यार्थी शामिल हैं.उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर एम्स प्रशासन ने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
सैन्य मेले के समापन समारोह में भी होंगे शामिल
उपराष्ट्रपति दर्दमारा स्थित बाबा वैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में आयोजित सैन्य मेले के समापन समारोह में भी शामिल होंगे। यहां वे सेना के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दी जा रही चिकित्सा सेवाओं और मेले की गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।
सुबह 10:10 बजे देवघर पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति शनिवार सुबह करीब 8 बजे उपराष्ट्रपति भवन से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 8:20 बजे वायुसेना के विशेष विमान से देवघर के लिए उड़ान भरेंगे। वे सुबह करीब 10:10 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे एम्स देवघर में स्वागत कार्यक्रम के बाद दीक्षांत समारोह शुरू होगा। दोपहर 12:45 बजे उपराष्ट्रपति बीबीएमटी अस्पताल में आयोजित सेवा संपर्क मेले में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:10 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

