हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए चंदननगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से बाहर से माल लाकर इंदौर में सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल राठौर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 15.87 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1.60 लाख रुपए आंकी गई है।

राजस्थान से लाता था माल, इंदौर में करता था सप्लाई

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी राजस्थान से सस्ते दामों में ड्रग्स खरीदकर इंदौर में ऊंचे दामों पर बेचता था। यह पूरा खेल लंबे समय से चल रहा था, जिससे शहर में नशे का जाल फैल रहा था।

नकली नोट नेटवर्क में बड़ा खुलासाः आरोपी सैफुल इस्लाम निकला डॉक्टर, आरोपी के पास से पकड़ाए फेक

NDPS एक्ट में केस, नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

जीरो टॉलरेंस का असर

इंदौर पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और लगातार ऐसे मामलों में कार्रवाई कर रही है। चंदननगर थाना पुलिस की यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

ग्वालियर लॉ छात्रा अपहरण मामलाः अपह्रत छात्रा UP की बस से सुरक्षित रिकवर, आरोपी गिरफ्तार

खुल सकते हैं बड़े राज

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे शहर में सक्रिय ड्रग्स सप्लाई चेन का बड़ा नेटवर्क सामने आ सकता है।फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m