कैथल के पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने पुलिस लाइन में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान अधिकारियों को पेंडिंग केसों के निपटारे और कानून व्यवस्था मजबूत करने के आदेश दिए।
राकेश कथूरिया, कैथल। जिला पुलिस द्वारा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे तथा कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन कैथल में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन ने की। बैठक में डीएसपी बीर भान, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रोहताश, डीएसपी रमेश चंद्र, डीएसपी रमेश गुलिया सहित सभी थाना प्रबंधक व चौकी प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। एसपी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
परिवादियों से मधुर व्यवहार करने के आदेश
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में गंभीर अपराधों की जांच, लंबित मामलों के निपटारे, गिरफ्तारी दर में वृद्धि, नशा व साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य अपना काम अच्छे से करते हुए अपराधी को पकड़ कर जनता को सुरक्षित माहौल देना है। एसपी ने सभी को आदेश दिए कि थाना-चौकी में आने वाले परिवादियों से मधुर व्यवहार करते हुए उनकी शिकायत पर जल्दी से जल्दी कार्रवाई की जाए।
करप्शन पर जीरो टॉलरेंस नीति होगी लागू
एसपी ने कहा कि सभी पुलिस कर्मचारी करप्शन पर जीरो टॉलरेंस की नीति हर हाल में सुनिश्चित करें। गंभीर व जघन्य अपराधों की जांच में तेजी और समयबद्धता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में उद्घोषित अपराधियों, बेल जम्परो व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा नियमानुसार उनकी संपत्तियों की कुर्की करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही रात्रि के समय शहर व मुख्य सड़कों पर प्रभावी पुलिस गश्त करने के निर्देश दिए, ताकि चोरी की वारदातों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
नशा तस्करों की संपत्ति होगी जब्त
बैठक में नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए नशा मुक्त गांव व वार्डों में नशा करने वालों की पहचान कर उनकी लत छुड़वाने के निर्देश दिए गए। नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत नशा तस्करों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि जिले में किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में सीलिंग प्लान के तहत शीघ्र नाका बिंदुओं पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। कर्मचारियों को नशा व आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।

