संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मिसरोद थाना इलाके में देर रात दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर जमकर खूनी संघर्ष हुआ, जिसमें बदमाशों ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ 12 राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को हथियारों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

मॉल तक चली गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद मिसरोद थाना क्षेत्र के शालीमार फोर्टलेजा के पास स्थित एक फार्म हाउस पर शुरू हुआ था। यहाँ दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। देर रात इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के बदमाशों ने बंदूकें निकाल लीं। हद तो तब हो गई जब बदमाश वारदात को अंजाम देकर रुके नहीं, बल्कि वे आशिमा मॉल तक पीछा करते हुए लगातार फायरिंग करते रहे। व्यस्त इलाके में देर रात हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी से सड़क पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए यहाँ-वहाँ भागने लगे।

मिसरोद थाना प्रभारी ने मौके पर दबोचे दो आरोपी

फायरिंग और हंगामे की सूचना मिलते ही मिसरोद थाना प्रभारी (TI) अपनी टीम के साथ बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आशिमा मॉल के पास से दो बदमाशों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मिसरोद थाने में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस वारदात में और कितने लोग शामिल थे और इनके पास इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस कहाँ से आए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और भी बदमाशों को जल्द ही चिह्नित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

डकैत रामबाबू गड़रिया के महिमामंडन पर घिरे BJP विधायकः गुर्जर समाज के विरोध के बाद प्रीतम लोधी ने जताया खेद

अस्पताल परिसर में रफ्तार का कहरः डॉक्टर की कार ने बाइक को मारी टक्कर, गुस्साए लोगों ने गाड़ी पलटी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m