IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर अब स्टीफन फ्लेमिंग की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके सामने CSK को छठा IPL खिताब दिलाने की चुनौती होगी।

बता दें कि फ्लेमिंग ने 2009 से 2026 तक करीब 18 साल CSK की कोचिंग की। इस दौरान टीम की सफलता में उनकी अहम भूमिका रही। अब वह इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें जुलाई में इस पद पर नियुक्त किया गया था।

मुंबई इंडियंस में डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस रहे

जहीर खान का IPL में खिलाड़ी के साथ-साथ कोचिंग और मैनेजमेंट का भी लंबा अनुभव है। 2017 में IPL से बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद उन्होंने अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं।

जहीर IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं। 2019 IPL से पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस बनाया था। बाद में उन्होंने फ्रेंचाइजी के ग्लोबल डेवलपमेंट प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली।

वह लखनऊ सुपर जायंट्स से भी जुड़े रहे। IPL 2025 में उन्हें टीम का मेंटर बनाया गया था, लेकिन अगले सीजन से पहले उन्होंने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया। हाल ही में वह कनाडा की वैंकूवर एंकर्स टीम से भी जुड़े थे।

IPL में 100 मैच, 102 विकेट

जहीर खान ने अपने IPL करियर में 100 मैच खेले और 27.27 की औसत से 102 विकेट लिए। भारतीय टीम के लिए भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। तीनों फॉर्मेट में उन्होंने कुल 610 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किए।

अब CSK के साथ उनका नया रोल होगा। बतौर हेड कोच उन्हें टीम के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को तैयार करने और अगले सीजन के लिए टीम की रणनीति बनाने की जिम्मेदारी होगी।

जहीर बोले- CSK का हिस्सा बनना सम्मान की बात

CSK से जुड़ने के बाद जहीर खान ने कहा कि इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने चेन्नई के खिलाफ मुकाबलों का आनंद लिया है।

जहीर ने चेपॉक में CSK के सुपरफैंस द्वारा बनाए जाने वाले माहौल को भी खास बताया। उन्होंने कहा कि वह समृद्ध इतिहास वाली इस फ्रेंचाइजी की विरासत का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं।

रूपा गुरुनाथ ने किया स्वागत

CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने जहीर खान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी को यह बताते हुए खुशी है कि जहीर खान CSK के हेड कोच होंगे।

उन्होंने जहीर के शानदार खेल करियर और युवा टैलेंट को निखारने की उनकी क्षमता को टीम के लिए अहम बताया। साथ ही भरोसा जताया कि जहीर के मार्गदर्शन में फ्रेंचाइजी की नींव और मजबूत होगी।

अब IPL 2027 में CSK के नए कोच के तौर पर जहीर खान की भूमिका पर नजर रहेगी। 18 साल तक फ्लेमिंग के नेतृत्व में आगे बढ़ने वाली टीम अब जहीर के साथ नए दौर में प्रवेश करेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H