प्रमोद कुमार, कैमूर। जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में CSP संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप व अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को मोहनिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
गोली मारकर लूटे लैपटॉप और तीन लाख
जानकारी के अनुसार, फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा व पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने CSP संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रोक लिया था। अपराधियों ने मारपीट करने के बाद गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप व अन्य सामान लूट लिया था। घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
घटना के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल एक आरोपित बाइक से मोहनिया पहुंचा है। कैमूर एसपी के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना व डीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
लूट में इस्तेमाल बाइक भी बरामद
संयुक्त टीम ने मोहनिया के पटना मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई। गिरफ्तारी के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गई। मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने फोन पर बताया कि औरंगाबाद में CSP संचालक को गोली मारकर लूट के मामले में एक आरोपित को पटना मोड़ से पकड़ा गया है। औरंगाबाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: पटना में गैराज संचालक की गोली मारकर हत्या, अपराधियों ने सिर में मारी गोली


