हेमंत शर्मा, इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में अब पेड़ों की कटाई करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। लगातार बढ़ते तापमान और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजवाड़ा क्षेत्र में पेड़ काटने के मामले में डेढ़ लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाया है। निगम का दावा है कि पेड़ कटाई के मामले में लगाया गया यह अब तक का सबसे बड़ा स्पॉट फाइन है।
44 डिग्री तक पहुंच रही भीषण गर्मी के बीच यह कार्रवाई पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है। एक तरफ इंदौर भीषण गर्मी की मार झेल रहा है, दूसरी तरफ शहर की हरियाली पर भी लगातार खतरा मंडरा रहा है। ऐसे माहौल में नगर निगम ने साफ संदेश दिया है कि पर्यावरण से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।
मामला राजवाड़ा क्षेत्र की मोरक्षली गली स्थित गंगोत्री विहार का है, जहां मकान निर्माण के लिए पेड़ काटे जाने की शिकायत नगर निगम तक पहुंची थी। शिकायत मिलने के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पेड़ कटाई की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति दिलीप अग्रवाल के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई और डेढ़ लाख रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति पेड़ काटना नियमों का सीधा उल्लंघन है। शहर में लगातार बढ़ते तापमान और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए निगम अब ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से ले रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। बताया जा रहा है कि इंदौर में पेड़ कटाई के मामले में लगाया गया यह अब तक का सबसे बड़ा स्पॉट फाइन है। निगम की इस कार्रवाई को हरियाली बचाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नगर निगम का कहना है कि शहर की पहचान केवल स्वच्छता से नहीं, बल्कि हरियाली से भी है। ऐसे में पेड़ों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से पेड़ काटे जा रहे हों तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

