संजीव घनगस,सोनीपत। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को मध्य प्रदेश के मुरैना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने एक महिला के बैंक खाते से ₹6.62 लाख की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, ठगी गई रकम में से ₹2.49 लाख विभिन्न बैंक खातों में होल्ड करा दी गई है, जबकि ₹3,000 नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ममता सिंह के दिशा-निर्देशन और साइबर थाना टीम की सतर्कता से संभव हो पाई।


जाँच में हुआ खुलासा
जांच में सामने आया कि 25 अगस्त 2025 को सोनीपत निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 12 से 17 अगस्त के बीच उसके खाते से कई ट्रांजेक्शनों के जरिए ₹6.62 लाख निकाल लिए गए। हाल ही में महिला ने नया आईफोन खरीदा था, जिसमें उसका ईमेल और बैंक से जुड़ा मोबाइल नंबर सक्रिय था।


पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने फर्जी वेबसाइट और दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी को अंजाम दिया। तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें मुरैना से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस फिलहाल आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।