आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के जामताड़ा से जुड़े अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रिटायर्ड शिक्षक से लगभग 6 लाख रुपए की साइबर ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ATM कार्ड, मोबाइल और नगद बरामद किए हैं।

सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर ठगी

आरोपियों ने सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर रिटायर्ड शिक्षक को 5 लाख 90 हजार रुपए का चूना लगाया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया था। पीड़ित रिटायर्ड शिक्षक द्वारा मामले की शिकायत परपा थाने में की गई थी, जिसके बाद साइबर सेल और बस्तर पुलिस ने आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया।

जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा- ASP

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्राथमिक जांच में इस बात का खुलासा हुआ था कि ठगी के पैसे हरियाणा के एक बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से पैसों का उपयोग कर रहे थे। साथ ही आरोपियों ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से एटीएम कार्ड के जरिए भी पैसे निकाले, जिसके बाद कोलकाता के लिए एक विशेष टीम जांच के लिए भेजी गई थी।

कोलकाता से गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी

दर्जनों सीसीटीवी फुटेज और 200 से अधिक होटलों में जाकर संदिग्ध आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद आरोपी शाहबाज़ अंसारी और जियाउल हक निवासी जामताड़ा झारखंड को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया।

आरोपियों से नगद सहित कई सामान जब्त

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 82 लग एटीएम कार्ड, 6 नग मोबाइल फोन और 25 हजार रुपए नगद के साथ ठगी के पैसों से ऑनलाइन खरीदे गए सामान जब्त किए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H