रांची। चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। इस आदेश के दायरे में अल्पसंख्यक विद्यालय भी शामिल हैं। वहीं, मौसम की चुनौती से निपटने के लिए रांची नगर निगम ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अगले तीन दिनों तक निगम की संबंधित शाखाएं 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगी।

रांची में ऑरेंज अलर्ट, दो दिन विद्यार्थियों की कक्षाएं बंद

भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रांची को ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्र में चिह्नित किया गया है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत स्कूलों में कक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है।

मंगलवार को जारी आदेश के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं नहीं चलेंगी। हालांकि, जिन निजी विद्यालयों में पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकेगा। ऐसी स्थिति में संबंधित विद्यालय को जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी।

स्कूल बंद, लेकिन शिक्षकों को आना होगा

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों को निर्धारित दोनों दिनों में विद्यालय आना होगा। उन्हें स्कूल में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।

सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

रांची नगर निगम की तैयारी तेज, 53 वार्डों के लिए चार जोन

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर में जलजमाव, पेड़ गिरने और जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। शहर के सभी 53 वार्डों को चार जोन में बांटकर आपात व्यवस्था तैयार की गई है। प्रत्येक जोन में दो क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेंगी।

मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों और शाखाओं की बैठक हुई। इसमें मौसम की संभावित स्थिति की समीक्षा करते हुए सफाई, परिवहन और हॉर्टिकल्चर शाखा को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। रात के समय भी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष टीमें तैनात रहेंगी।

निचले इलाकों और नालों पर रहेगी विशेष निगरानी

नगर निगम की टीमें जलजमाव की आशंका वाले निचले इलाकों की निगरानी करेंगी। नदियों और बड़े नालों के जलस्तर पर भी नजर रखी जाएगी। जोनल सुपरवाइजर और वार्ड सुपरवाइजर को अपने क्षेत्रों में नालियों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि तेज बारिश के दौरान जलनिकासी बाधित न हो।

इसके अलावा झुके और कमजोर पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जलजमाव और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए जरूरी मशीनरी और संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।

तीन शिफ्ट में काम करेगी हॉर्टिकल्चर टीम

पेड़ गिरने से होने वाली आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की हॉर्टिकल्चर शाखा की टीमें तीन शिफ्ट में काम करेंगी। प्रत्येक जोन में सफाई और हॉर्टिकल्चर शाखा की एक-एक नाइट टीम भी तैनात रहेगी।

नगर निगम ने जेसीबी, सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर और मोटर पंप सहित आवश्यक उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। संसाधनों का जोनवार वितरण किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम, जारी किया टोल फ्री नंबर

नगर निगम का टोल फ्री कंट्रोल रूम अगले तीन दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। नागरिक जलजमाव, पेड़ गिरने और अन्य आपात स्थितियों की सूचना इस नंबर पर दे सकते हैं।

नगर निगम कंट्रोल रूम: 1800-570-1235

शिकायत मिलने पर संबंधित टीमों को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। निचले इलाकों में रहने वाले परिवार सतर्क रहें और पेड़ों, बिजली के खंभों, नदियों तथा नालों के आसपास जाने से बचें।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट है। सभी संबंधित शाखाओं, टीमों और जरूरी संसाधनों को तैयार रखा गया है। चार जोन में क्विक रिस्पांस टीमों की तैनाती के साथ जलजमाव और पेड़ गिरने जैसी परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था की गई है।उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में नगर निगम के टोल फ्री नंबर पर सूचना देने की अपील की है।