संजय पाटीदार, भोपाल। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने 4 दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज चमक की संभावना जताई है। आज से 30 अक्टूबर तक 31 जिलों में मौसम बदलने का अनुमान है। सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को चक्रवात का असर ज्यादा रहने का अलर्ट जारी किया है। इस दिन पूरे प्रदेश में आंधी, बादल, गरज चमक और बारिश वाला मौसम बना रहेगा। इसी दिन करवा चौथ भी है। ऐसे में चांद के दीदार मुश्किल हो सकते हैं। 29 अक्टूबर के दिन 11 जिलों में अति भारी, 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। बाकी, 35 जिलों में बूंदाबांदी का दौर रह सकता है। 30 और 31 अक्टूबर को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
मंडला में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश
पवन राय, मंडला। मध्यप्रदेश में चक्रवात अर्णव का असर दिखना शुरू हो गया है और मंडला जिले में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से चक्रवात अर्णव एक्टिव हुआ है, जिसका असर अब मध्यप्रदेश के मंडला जिले में भी देखने को मिल रहा है। मंडला शहर सहित बिछिया, नैनपुर, निवास और घुघरी इलाकों में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर जोरदार बारिश हो रही है।
अचानक बदले मौसम के मिजाज से लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिली है, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। तेज बारिश के चलते किसानों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि खेतों में कटी पड़ी फसल भीगने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में चक्रवात अर्णव के चलते मंडला जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली के खंभों और पुराने पेड़ों से दूरी बनाकर रखें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

