सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश पुलिस के नशा मुक्ति अभियान 2.0 को ग्वालियर जिले की डबरा पुलिस पलीता लगा रही है। यहां शाम होते ही शराब की दुकानों के बाहर मयखाने सजे मिलते हैं। सड़कों, डिवाइडरों और आसपास बनी गुमठियों पर बैठकर खुलेआम शराब पीने वाले लोग आपको नजर आएंगे। इतना ही नहीं मीट और अंडे की दुकानें भी खुलेआम संचालित हो रही है। ऐसे में आम लोगों और महिलाओं को परेशानी होती क्यों कि शराब पीने के बाद शराबी गाली गलौज और विवाद करते हैं।
बड़ी बात यह है कि यह कहानी एक दुकान की नहीं बल्कि डबरा सिटी और देहात थाने क्षेत्र में संचालित सभी शराब दुकानों के बाहर की है। जब लल्लूराम डॉट कॉम की टीम ने शराब दुकानों के बाहर का जायजा लिया तो देखा कि खुलेआम शराब सड़कों पर बैठकर लोग पी रहे हैं। जब मामले में सिटी थाना प्रभारी से बात की तो उन्होंने कहा कि कार्यवाही का सिलसिला जारी है। सड़को पर शराब पीने की बात को स्वीकार किया और कहा कि मामला संज्ञान में आया है। नगर पालिका को भी पत्र लिखा है। संयुक्त रूप से जल्द कार्रवाई करेंगे।
बता दें कि मध्यप्रदेश सरकार ने शराब दुकानों पर जब से अहाते बंद किए हैं तब से लोग अब सड़कों पर बैठकर शराब पीने लगे हैं। शहर में एक ही ठेकेदार हरीबाबू शिवहरे के शराब के ठेके हैं। इन शराब दुकानों पर भी शराब कारोबारी की मनमानी चलती है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। डबरा शहर के पिछोर तिराहा,बस स्टैंड,बल्ला का डेरा, चीनौर रोड,भितरवार रोड सहित अन्य स्थानों पर यही हालात हैं।
शाम ढलते ही दुकानों के बाहर ही लोग बड़ी संख्या में शराब पीते हैं। वहीं अंडे और मांस की बिक्री भी खुलेआम मिलेगी। हालांकि हिन्दू संगठनों ने भी कई बार शिकायत के आवेदन दिए पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला अध्यक्ष नरेश जैन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जल्दी प्रशासन है कार्रवाई नहीं की तो बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


