सतीश दुबे, डबरा। ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र अंतर्गत गिजौर्रा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। दतिया जिले से बोलेरो गाड़ी में सवार होकर अवैध हथियारों और कारतूसों का जखीरा लेकर बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के खड़ौआ गांव में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे 6 शातिर बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा।

मध्य प्रदेश शासन लिखी गाड़ी का कर रहे थे इस्तेमाल

इस कार्रवाई की सबसे बड़ी बात यह सामने आई कि आरोपी जिस बोलेरो कार क्रमांक MP07 ZP 5812 में सवार थे, उस पर मध्य प्रदेश शासन लिखा हुआ था, ताकि चेकिंग से बचा जा सके। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गाड़ी संतोष बघेल नाम के व्यक्ति की है, जिसे आरोपी मांगकर लाए थे।

भिंड और दतिया के 6 आरोपी गिरफ्तार

गिजौर्रा पुलिस ने जिन 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें सतीश बघेल जिला भिंड, रविशंकर यादव, फकीरे कुशवाहा, अनिकेत यादव, राजेश यादव और विनोद यादव ये सभी जिला दतिया, शामिल हैं।

भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेने पर अवैध रूप से छिपाकर रखी गई 12 बोर की 1 बंदूक, 315 बोर की 2 बंदूकें, 315 बोर का 1 कट्टा, 315 बोर के 21 जिंदा राउंड और 12 बोर के 25 जिंदा राउंड कुल 46 कारतूस जब्त किए हैं।

बैरिकेटिंग कर पुलिस ने दबोचा, रंजिश में बड़ी वारदात की थी योजना

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपेन्द्र सिंह धाकड़ ने पुलिस टीम के साथ थाने के सामने नाकाबंदी व बैरिकेटिंग कर गाड़ी को रोका। तलाशी में हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। आरोपी खड़ौआ गांव में हुए एक पुराने झगड़े को लेकर किसी बड़े अपराध को अंजाम देने जा रहे थे।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ये हथियार कहां से लाए थे और उनके निशाने पर कौन था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m