सतीश दुबे, डबरा। मध्य प्रदेश के डबरा (ग्वालियर) स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) अकादमी टेकनपुर के रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RJIT) हॉस्टल में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बी.टेक (B.Tech) प्रथम वर्ष के एक 18 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही संस्थान परिसर और हॉस्टल में हड़कंप मचा हुआ है।
बिहार के बक्सर का रहने वाला था छात्र
मृतक छात्र की पहचान 18 वर्षीय देवजी उपाध्याय के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि देवजी बी.टेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और बीते महीने की 30 तारीख को ही अपने घर से वापस हॉस्टल लौटा था। हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका उसका शव मिलने के बाद साथी छात्रों और प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई।
प्रबंधन ने साधी चुप्पी, कारण अज्ञात
हॉस्टल परिसर में छात्र द्वारा ऐसा खौफनाक कदम उठाए जाने के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वहीं इस दुखद घटना पर रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RJIT) टेकनपुर प्रबंधन ने चुप्पी साध रखी है और कोई भी आधिकारिक बयान देने से बच रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अंतरी थाना पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ-साथ उसके दोस्तों और हॉस्टल के अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



