कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। सोशल मीडिया पर अपनी एक्टिविटी और ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से पहचानी जाने वाली 21 साल की पलक रजक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। आत्महत्या और हत्या के दावों के बीच पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। खासकर मौत के कुछ दिन पहले उसके द्वारा पोस्ट की गई सोशल मीडिया रील्स को भी जांच में लिया गया है।

शव 12 मई की शाम घर पर मिला था

दरअसल मामला मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा का है,जहां पलक रजक का शव 12 मई की शाम घर पर मिला था, परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ही पलक के साथ ससुराल में प्रताड़ना हो रही थी।पलक केवल 21 साल की थीं और अगले महीने उसका 22वां जन्मदिन था। परिवार का कहना है कि सास और देवर शादी के बाद से उसकी कार और सोने की चैन की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे और पति अमित ने भी इसको लेकर कभी रोका नहीं।

तीन दिन से खाना नहीं खाया

परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि पलक ने मौत से करीब 20 मिनट पहले अपने पिता को फोन कर कहा था कि वह तीन दिन से खाना नहीं खा रही है और ससुराल वाले उसे मारने की धमकी दे रहे हैं। पलक ने अपने आखिरी शब्दों में कहा था कि “पापा, मेरे साथ कोई बात नहीं करता, तीन दिन से खाना नहीं खाया, अगर मुझे नहीं ले जाओगे तो ये लोग मुझे मार देंगे।

परेशान और संकेत देने वाली रील्स

पुलिस ने पलक के इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच में कई परेशान और संकेत देने वाली रील्स पाईं। 10 मई को पोस्ट की गई एक रील में पलक ने ‘Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying, Depression’ जैसे शब्द इस्तेमाल किए थे। 24 अप्रैल को अपनी मैरिज एनिवर्सरी पर पोस्ट की गई रील में भी उसने ज़िंदगी के टूटने का इशारा किया था। ये पोस्ट अब जांच का अहम हिस्सा मानी जा रही हैं।

हत्या सुनियोजित तरीके से की गई

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हैंगिंग का प्रतीत हो रहा है,लेकिन परिजन इसे आत्महत्या नहीं मान रहे, उनका आरोप है कि पलक की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। इस वजह से मुरार जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया है। पुलिस ने कहा है कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट पर दूसरी राय भी ली जाएगी।पुलिस ने पलक के सोशल मीडिया एक्टिविटी, मोबाइल कॉल रिकार्ड और परिजनों के बयानों को जांच में शामिल कर लिया है। सबूतों और कॉल डिटेल को भी खंगाला जा रहा है ताकि घटना की सच्चाई का पता चल सके,की क्या यह आत्महत्या थी या हत्या।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m