दाहोद (गुजरात): समाज की बंदिशों और परिवार की असहमति के कारण एक बार फिर प्यार का दर्दनाक अंत देखने को मिला है। गुजरात के दाहोद जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने परिवार द्वारा शादी की मंजूरी न मिलने से आहत होकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खौफनाक कदम को उठाने से ठीक पहले युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी थी। लगभग 50 लोग मोबाइल स्क्रीन पर इस खौफनाक मंजर के गवाह बने।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक-युवती दाहोद जिले के लिमखेड़ा तालुका के निवासी थे। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे। हालांकि, उनके इस रिश्ते को लेकर दोनों के परिवारों की रजामंदी नहीं थी। परिजनों के इनकार के बाद से ही दोनों काफी परेशान और मानसिक तनाव में चल रहे थे।

रविवार सुबह करीब 10 बजे दोनों प्रेमी सिंगवद तालुका के हीरापुर गांव स्थित घने जंगल इलाके में पहुंचे। वहां पहुंचकर युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लाइव स्ट्रीमिंग शुरू की। देखते ही देखते करीब 50 लोग उस लाइव वीडियो से जुड़ गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उन्हें रोकने का प्रयास करता, दोनों ने जंगल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

घटना के दौरान लाइव देख रहे दर्शकों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते यह लाइव वीडियो क्लिप डाउनलोड होकर दाहोद जिले और आसपास के इलाकों में तेजी से वायरल हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही रणधीकपुर पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हीरापुर के जंगल में पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों के शवों को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। रणधीकपुर पुलिस ने इस संबंध में एक्सीडेंटल डेथ (AD) का मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो, युवक-युवती के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से ठीक पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई थी और पारिवारिक दबाव का उन पर कितना असर पड़ा था।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग के दुरुपयोग और युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस दुखद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड न करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें