दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम के जिला अस्पताल में इलाज कराने आने वाले बेबस मरीजों की मजबूरी को कुछ दलालों ने मोटी कमाई का जरिया बना लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक सनसनीखेज वीडियो ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। वीडियो में एक शातिर दलाल खुलेआम मरीज के परिजनों को जाल में फंसाते हुए ‘आयुष्मान कार्ड’ के नाम पर निजी अस्पताल में शिफ्ट करने का गंदा खेल समझा रहा है।

 वीडियो में दलाल बड़े टशन से कहता सुनाई दे रहा है “अगर मरीज को आयुष्मान योजना के तहत प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट कराओगे, तो मेरा ₹2500 का कमीशन पक्का है। मैं यही काम करता हूँ, करना हो तो बताना। दूसरों से बात करोगे तो वे ज्यादा पैसे बताएंगे।” इस बेखौफ अंदाज से साफ है कि अस्पताल के भीतर मरीजों की दलाली का यह काला धंधा लंबे समय से फल-फूल रहा है, जहां मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में भेजा जाता है। ​

वीडियो बम फूटने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले ने बताया कि मेल सर्जिकल वार्ड में आउटसोर्स एजेंसी के जरिए तैनात वार्ड बॉय अंकित के खिलाफ शिकायत मिली है, जो मरीज को अनुचित रूप से निजी अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा कि यह मरीजों के विश्वास के साथ खिलवाड़ है, जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषी पाए जाने पर उसे तुरंत हटाया जाएगा।​लेकिन बड़ा सवाल यह है कि वार्ड बॉय तो महज एक मोहरा है, इस खेल के पीछे असली ‘आका’ कौन है? अब देखना है कि प्रशासन इस सिंडिकेट पर कब चाबुक चलाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m