अहमदाबाद: सऊदी अरब के दम्माम से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब हवा में उड़ान के दौरान विमान के वॉशरूम से हाथ से लिखा हुआ एक संदिग्ध टिश्यू पेपर मिला। इस टिश्यू पेपर पर अंग्रेजी में ‘BOMB’ लिखा था। धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा कारणों से विमान को तुरंत अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया।

टिश्यू पेपर देखते ही क्रू मेंबर्स ने बिना देरी किए इसकी सूचना पायलट को दी। पायलट ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाते हुए अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। ATC की हरी झंडी मिलते ही एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।

विमान के रनवे पर उतरते ही उसे मुख्य टर्मिनल से दूर आइसोलेशन बे (Isolation Bay) में ले जाया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बाकी एयरपोर्ट को सुरक्षित रखा जा सके। इसके बाद विमान में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विशेष बसों के जरिए टर्मिनल बिल्डिंग में पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों के पूरे सामान को अलग करके स्कैन किया और पूरे प्लेन, कार्गो एरिया तथा सीटों की बारीकी से जांच की।

कड़ी और गहन तलाशी के बाद जब विमान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल एजेंसियां इस मामले की जांच में जुटी हैं और टिश्यू पेपर पर हैंडराइटिंग के आधार पर झूठी अफवाह फैलाने वाले आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m