राकेश चतुर्वेदी, दमोह/भोपाल। दमोह जिले पथरिया में जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का एक वीडियो चर्चा में है। कार्यक्रम के दौरान बुंदेली लोकगीत कलाकारों ने सागर जिले में हुए शराब कांड और शराब पीने से हुई मौतों को लेकर विवादास्पद व हास्यास्पद टिप्पणी वाला गाना गाया। मंच से कलाकारों ने “पौआ ने पिओ घने-घने, बंडा में मर गयो कई जने” जैसे बोल वाला बुंदेली गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच यह गीत चर्चा का विषय बन गया।

बताया जा रहा है कि पथरिया में आयोजित जन्मदिन समारोह में बुंदेली लोकगीत कलाकारों ने मंच से यह प्रस्तुति दी। गौरव पटेल भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष के पति और अध्यक्ष प्रतिनिधि हैं। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान सागर जिले में शराब पीने से हुई मौतों को लेकर की गई इस तरह की टिप्पणी पर सवाल उठ रहे हैं।

सागर जिले में शराब सेवन से हुई मौतों का मामला गंभीर रहा है। ऐसे में मृतकों से जुड़े संवेदनशील विषय पर मंच से हास्य-व्यंग्य के रूप में गाना प्रस्तुत किए जाने को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद इस कार्यक्रम और गाने को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m