बीडी शर्मा, दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह में रक्षाबंधन का त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। ट्रेन से कटकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृतकों में 30 वर्षीय बेटा मुकेश अहिरवार और उसके माता-पिता 65 वर्षीय भरत अहिरवार एवं 60 वर्षीय उमा अहिरवार शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक हिंडोरिया थाना क्षेत्र के करैया गांव निवासी मुकेश अहिरवार की करैया फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके कुछ समय बाद उसके माता-पिता भरत अहिरवार और उमा अहिरवार की भी धरमपुरा फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। मृतक भरत अहिरवार जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे।

कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने पड़ोसियों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m