दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा पुलिस ने महिला की हत्या का खुलासा कर दिया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि महिला का बेटा ही निकला, जिसने खाना नहीं मिलने पर अपनी मां को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी बेटा को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। यह पूरा मामला भांसी थाना क्षेत्र की है।

पढ़िए पूरी खबर

दरअसल, पुलिस को 18 जून को धुरली टिटेमपारा गांव में बुधरी तेलाम (60) की हत्या की सूचना मिली थी। इस मामले में थाना भांसी में अपराध क्रमांक 05/2026 धारा 103(1) बी. एन.एस.दर्ज किया गया। सूचना को गंभीरता से लिया गया और SP गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन, एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले के पर्यवेक्षण में थाना भांसी प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिसेन के नेतृत्व में टीम ने 24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर दिया।

जांच में हुआ चौकाने वाला खुलासा

शक के आधार पर जब पुलिस ने बुधरी तेलाम के बेटे सामु उर्फ श्याम तेलाम (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपराध करना स्वीकार लिया। जांच में पता चला कि आरोपी ने शराब के नशे में अपनी मां से खाना मांगा था और खाना नहीं मिलने पर उसने पास में रखे बांस के डंडे से मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m