Darbhanga ASI Shot: बिहार में बेखौफ अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हैं। ताजा मामला दरभंगा जिले से सामने आई है, जहां गश्ती कर रही पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई है। इस हमले में सकतपुर थाने में तैनात ASI रंधीर कुमार गोली लगने से घायल हो गए। उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जो आर-पार हो गई। आनन-फानन में उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है।
घटना उजान गांव की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, ASI रंधीर कुमार पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान वह गांव में रुककर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी बगीचे की तरफ से किसी अज्ञात शख्स ने उन पर फायरिंग कर दी, जो सीधे जाकर उनके पैर में लगी। अचानक हुई फायरिंग की इस घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। एएसआई के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया।
घायल ASI रंधीर कुमार पटना नौबतपुर के रहने वाले हैं। पुलिसकर्मी पर गोलीबारी की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर पुलिस की अन्य टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। ASI रंधीर कुमार पर किसने और क्यों फायरिंग की? पुलिस यह पता लगाने के साथ ही आरोपी हमलावर की तलाश में जुट गई है।
घटना के संबंध में दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि, पुलिसकर्मी गश्ती पर थे, इसी दौरान उन्हें गोली मारे जाने की सूचना मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग करने वाला कौन था और उसने ASI को निशाना क्यों बनाया? पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- कैमूर में मेडिकल जांच कराने पहुंचे बाल कैदियों के वाहन पर हमला, अधीक्षक बोले- भगाने की नीयत से आए थे बदमाश

