फिरोज अहमद/ दरभंगा। नेहरा थाना क्षेत्र के लुल्हवा चौक के पास शुक्रवार शाम बाइक की डिक्की से बदमाशों ने पांच लाख रुपए चोरी कर लिए। रकम लेकर जा रहे राजमिस्त्री सुबोध दास कुछ देर के लिए सड़क किनारे बाइक खड़ी कर पेशाब करने गए थे। वापस लौटे तो बाइक की डिक्की खुली मिली और उसमें रखा रुपए से भरा झोला गायब था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नेहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पीड़ित सुबोध दास बहेड़ा थाना क्षेत्र की देवराम अमेठी पंचायत के नमती गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वे सकरी चीनी मिल स्थित एसबीआई शाखा से पांच लाख रुपए निकालकर घर के लिए निकले थे। यह रकम उन्हें मजदूरों को भुगतान करने के लिए देनी थी। लुल्हवा चौक के पास गैरेज के नजदीक उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और कुछ देर के लिए वहां से चले गए। कुछ समय बाद लौटे तो बाइक की डिक्की खुली हुई थी। डिक्की में रखा पांच लाख रुपए वाला झोला गायब था। आसपास तलाश करने के बाद भी रुपए का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया है। फुटेज में संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
नेहरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन मिला है। घटना की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।