फिरोज अहमद, दरभंगा। दरभंगा MLC सीट पर राजद के अनिल कुमार झा ने भाजपा के सर्वेश कुमार को 4,010 वोटों से हराकर जीत हासिल की है। आधिकारिक घोषणा के अनुसार, द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद अनिल कुमार झा ने बाजी पलट दी। उन्हें कुल 25,406 वोट मिले, जबकि भाजपा के सर्वेश कुमार को 21,396 वोट प्राप्त हुए।

बता दें कि प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के दौरान सर्वेश कुमार लगातार बढ़त बनाए हुए थे। हालांकि, द्वितीय वरीयता के मतों की गणना के बाद नतीजा बदल गया और राजद के अनिल कुमार झा ने जीत दर्ज कर ली। दरभंगा स्नातक सीट का नतीजा सामने आते ही बिहार MLC की सभी 8 सीटों का परिणाम सामने आ गया। गौरतलब है कि मतगणना शुरू होने के तीसरे दिन इस सीट का परिणाम सामने आया है।

राजद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

अनिल कुमार झा की जीत की खबर मिलते ही राजद कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। वहीं, इस जीत को राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के लिए भी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अनिल झा को जाति और धर्म से ऊपर उठकर दरभंगा MLC सीट से राजद का टिकट दिलाने में अब्दुल बारी सिद्दीकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। गौरतलब है कि अनिल कुमार झा और अब्दुल बारी सिद्दीकी, दोनों ही अलीनगर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। ऐसे में अनिल झा की जीत को सिद्दीकी के फैसले से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

बीजेपी-राजद को 2-2 सीटों पर मिली है जीत

बिहार विधान परिषद (MLC) के 8 सीटों पर हुए चुनाव परिणाम की बात करें तो बीजेपी और राजद 2-2 सीटों पर कब्जा करने में सफल रही। वहीं, जदयू और जन सुराज ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की। जबकि तिरहुत स्नातक और सारण की शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।

बिहार MLC चुनाव 2026: 8 सीटों पर जीते उम्मीदवारों की सूची

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र

पटना शिक्षक सीट — डॉ. संजीव कुमार (RJD)
दरभंगा शिक्षक सीट — सुरेश प्रसाद राय (जन सुराज पार्टी)
तिरहुत शिक्षक सीट — नरेंद्र प्रसाद सिंह (BJP)
सारण शिक्षक सीट — राहुल राज (निर्दलीय)

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र

तिरहुत स्नातक सीट — वंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय)
पटना स्नातक सीट — नीरज कुमार (JDU)
कोसी स्नातक सीट — डॉ. एनके यादव (BJP)
दरभंगा स्नातक सीट — अनिल कुमार झा (RJD)

ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ से लेकर खेती तक में होगा स्पेस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल, आधुनिक तकनीक पर जोर