रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना पर जारी सियासत अब पक्ष और विपक्ष के बीच आमने-सामने की बहस पर आ गई है. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस मुद्दे पर खुलकर बहस के लिए तैयार हो गए. एक-दूसरे ने पत्रकारों के सामने खुली डिबेट की चुनौती स्वीकार कर ली.

लेकिन बहस से पहले ही पीएम आवास का एक सरकारी आँकड़ा सामने आ गया है. विभाग की ओर से जारी किए गए इस आंकड़ें में भारत के राज्यवार जानकारी दी गई है. साथ ही प्रदेश में रमन सरकार से लेकर भूपेश सरकार और वर्तमान साय सरकार के आंकड़ें भी हैं.

विभाग की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2025-26 में देश के प्रमुख राज्यों के बीच बेहतर प्रदर्शन किया है। आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 2025-26 के दौरान 5,92,508 आवास पूर्ण किए गए। यह आंकड़ा सूची में शामिल राज्यों में सबसे अधिक है।

आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश में 4,90,185, महाराष्ट्र में 4,42,074, बिहार में 2,63,151, राजस्थान में 2,02,234, ओडिशा में 1,61,256, असम में 1,35,426 और गुजरात में 1,23,451 आवास पूर्ण हुए।

छत्तीसगढ़ में साल-दर-साल बढ़ा आवास निर्माण

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पूर्ण हुए आवासों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2016-17 में 136 आवास पूर्ण हुए थे। इसके बाद 2017-18 में यह संख्या बढ़कर 3,65,867 और 2018-19 में 3,41,378 रही।

इसके बाद 2019-20 में 34,587, 2020-21 में 59,684, 2021-22 में 23,289 और 2022-23 में 33,688 आवास पूर्ण हुए। वहीं 2023-24 में यह आंकड़ा बढ़कर 1,54,789 और 2024-25 में 2,52,771 पहुंच गया।

सबसे बड़ी छलांग वर्ष 2025-26 में देखने को मिली, जब छत्तीसगढ़ में 5,92,508 आवास पूर्ण किए गए। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1,98,414 पूर्ण आवास का आंकड़ा दर्शाया गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H