कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/दतिया। मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। इस उपचुनाव में कुल 2 लाख 20 हजार मतदाता 21 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला EVM में कैद करेंगे।

चुनावी मैदान में मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय नजर आ रहा है, जिसमें भाजपा के आशुतोष तिवारी, कांग्रेस के घनश्याम सिंह और आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव के बीच कांटे की टक्कर है।

291 मतदान केंद्र, अतिसंवेदनशील बूथों पर कड़ी नजर

प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं:

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथ: कुल 291 मतदान केंद्रों में से 233 संवेदनशील घोषित किए गए हैं। वहीं, शहरी और ग्रामीण इलाकों की 18 जगहों पर स्थित 29 अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सशस्त्र बल तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा का तगड़ा पहरा: मतदान सुरक्षा के लिए CRPF की 16 कंपनियां यानि 1600 जवान, SAF के 150 जवान, दतिया पुलिस के 600 और होमगार्ड के 200 जवान तैनात हैं। हर बूथ पर 1 पुलिस अधिकारी समेत 6 सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं।

कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग: पूरे विधानसभा क्षेत्र में 36 पुलिस पेट्रोलिंग टीमें और QRT सक्रिय हैं। सभी मतदान केंद्रों पर CCTV कैमरों से सीधी निगरानी की जा रही है।

पिछला चुनावी गणित: वोट प्रतिशत गिरा तो पलटा था पासा

दतिया का पिछला चुनावी रिकॉर्ड काफी दिलचस्प रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने 88,977 वोट (50.34% वोट शेयर) हासिल कर भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा (81,235 वोट, 45.96% वोट शेयर) को 7,742 वोटों के अंतर से हराया था। साल 2018 में दतिया में 76.80% मतदान हुआ था, जो 2023 में घटकर 73.62% (3.18% की गिरावट) रह गया था। कम वोटिंग प्रतिशत का सीधा असर नतीजों पर पड़ा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m