रवि रायकवार, दतिया। Datia By Election: मध्य प्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने ताल ठोक दी है। रविवार को अपने प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में दिग्गज नेता दतिया पहुंचे। दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यकर्ताओं को मनाने की कोशिश में जुट गए।
आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने दतिया में आज दिग्गजों का जमावड़ा लगा रहा। रूठों को मनाने की कवायद शुरु हो गई। प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री ऐंदल सिंह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद संध्या राय सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा समर्थक नेता और कार्यकर्ता भी इस दौरान मौजूद रहे। कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे दतिया से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को किया दण्डवत प्रणाम।

हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
उपचुनाव को लेकर आज रविवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं की दतिया में 2 घंटे तक चली बैठक में भाजपा से रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाने का बड़ा दावा किया गया। खासकर उन कार्यकर्ताओं को जो पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के टिकट न मिलने पर पार्टी से अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया से मुखातिब होते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर सभी कार्यकर्ताओं की एकजुट होने की बात कही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने साफ शब्दों में कहा कि डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में विधानसभा का उपचुनाव भाजपा लड़ेगी और जीतेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कल सोमवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी अपना नामांकन फॉर्म दाखिल करेंगे जिसमें भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा सहित प्रदेश संगठन के कार्यकर्ता नामांकन फार्म दाखिल होने के समय साथ नजर आएंगे। डॉ नरोत्तम मिश्रा के टिकट न मिलने से नाराज भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति पूरी श्रद्धा रखने वाले कार्यकर्ता पार्टी के साथ हैं और सभी कार्यकर्ता आज पूरी एक जुटता के साथ मौजूद हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

