कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। दतिया विधानसभा उपचुनाव में 30 जुलाई को मतदान संपन्न होने के साथ ही 21 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। सभी 291 मतदान केंद्रों की ईवीएम कड़ी सुरक्षा के बीच शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं, हालांकि, सुरक्षा के तमाम इंतजामों के बावजूद कांग्रेस ने ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए स्ट्रांग रूम के बाहर ही 24 घंटे निगरानी का मोर्चा संभाल लिया है। अब सबकी नजर 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी है।

कैमरों का लाइव डिस्प्ले स्ट्रांग रूम के बाहर भी

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। मतदान खत्म होते ही सभी 291 मतदान केंद्रों से ईवीएम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज दतिया परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। यहां सुरक्षा के लिए थ्री लेयर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। स्ट्रांग रूम की निगरानी 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों यानी तीसरी आंख से की जा रही है। इन कैमरों का लाइव डिस्प्ले स्ट्रांग रूम के बाहर भी लगाया गया है, ताकि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अधिकृत लोग निगरानी कर सकें।

हाजिरी का ‘हाईटेक’ संकट: मोबाइल नेटवर्क के लिए पेड़ पर चढ़ने को मजबूर महिला एएनएम, वीडियो वायरल

तीन शिफ्ट में कार्यकर्ताओं की 24 घंटे ड्यूटी

सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कांग्रेस ने ईवीएम में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताई है। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम के बाहर ही अपना डेरा जमा लिया है। पार्टी ने तीन शिफ्ट में कार्यकर्ताओं की 24 घंटे ड्यूटी लगाई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मतगणना से पहले किसी भी तरह की छेड़छाड़ की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित रहें।

धार भोजशाला मामला: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर वैकल्पिक स्थान पर नमाज की व्यवस्था, स्थानीय रहवासियों का विरोध

3 अगस्त को मतगणना

दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाताओं में से 71.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अब सभी की निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब ईवीएम में कैद जनादेश सामने आएगा और यह तय होगा कि 21 प्रत्याशियों में से जीत का सेहरा किसके सिर बंधता है।

MP वालों सावधान! एक साथ 3 वेदर सिस्टम एक्टिव, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m